ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने देशभर में हेल्दी खाने की बढ़ती मांग को देखते हुए अपनी नई कैटेगरी ‘EatRight’ (ईट राइट) लॉन्च की है। इसका उद्देश्य यूज़र्स के लिए पौष्टिक और संतुलित भोजन को आसानी से खोजने और ऑर्डर करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है।
स्विगी ऐप पर उपलब्ध यह नई कैटेगरी फिलहाल 50 से ज्यादा शहरों में लाइव हो चुकी है। इसके तहत हाई-प्रोटीन मील्स, लो-कैलोरी फूड, बिना एडेड शुगर वाले विकल्प और हेल्दी डेली मील्स को एक ही सेक्शन में दिखाया जा रहा है, जिससे यूज़र्स को बेहतर और समझदारी से चुनाव करने में मदद मिलेगी।
कंपनी के अनुसार, ‘ईट राइट’ कैटेगरी में 2 लाख से ज्यादा रेस्टोरेंट पार्टनर्स के करीब 18 लाख हेल्दी डिशेज़ शामिल की गई हैं। स्विगी का कहना है कि यह पहल सिर्फ फिटनेस-फोकस्ड यूज़र्स के लिए नहीं, बल्कि आम ग्राहकों को भी रोजमर्रा के खाने में हेल्दी विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
स्विगी के फूड स्ट्रैटेजी और न्यू इनिशिएटिव्स के वाइस प्रेसिडेंट दीपक मलू ने कहा कि इस कैटेगरी का मकसद ग्राहकों की decision fatigue को कम करना और हेल्दी फूड को मेनस्ट्रीम फूड ऑर्डरिंग का हिस्सा बनाना है।
स्विगी के इंटरनल डेटा के मुताबिक, हाल के महीनों में हेल्थ-फोकस्ड फूड ऑर्डर्स में तेज़ी से बढ़ोतरी देखी गई है, खासकर टियर-2 शहरों में। चंडीगढ़, गुवाहाटी, लुधियाना और भुवनेश्वर जैसे शहर इस ट्रेंड में आगे हैं।
‘ईट राइट’ के लॉन्च के साथ, स्विगी हेल्दी ईटिंग और डिजिटल फूड डिलीवरी के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहा है।


